एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले दो ठग गिरफ्तार

Spread the love

 

आरोपियों से 35 हजार समेत 12 एटीएम कार्ड बरामद
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोतवाली पुलिस ने धोखे से एटीएम बदलकर ठगी करने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों से 35 हजार नगद, एक मोटर साइकिल, पीएनबी के छ: एटीएम, एचडीएफसी के दो एटीएम, केनरा, यूनियन, एसबीआई, यूको बैंक के एक-एक एटीएम कार्ड बरामद किये है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि गत शुक्रवार को रमेश चन्द्र पुत्र स्व. मोहन लाल निवासी खूनीबड़ ने शिकायत दर्ज कराई की 19 नवंबर 2023 को मेन ब्रांच एसबीआई देवी मंदिर रोड़ कोटद्वार में एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम बदलकर उनके खाते से 44 हजार रूपये निकाल दिये। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 420 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्वेता चौबे के निर्देश पर एएसपी कोटद्वार जया बलोनी के निर्देशन, विभव सैनी क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा अथक प्रयास एवं ठोस सुरागरसी पतारसी कर शनिवार को अभियुक्त आशु चौहान एवं रविन्द्र कुमार को बीईएल रोड़ कोटद्वार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है व अभियुक्तगणों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी ली जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आशु चौहान पुत्र स्व. श्री श्याम लाल निवासी मोहनपुर मिलाप नगर, थाना सिविल लाईन रूडकी जनपद हरिद्वार, रविन्द्र कुमार पुत्र स्व. रकम सिंह निवासी ग्राम पान्तोपुरा, थाना झिंझाना, जनपद शामली उत्तर प्रदेश हाल निवासी आशा प्रजापति, शिव बिहार कालोनी, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान, उपनिरीक्षक प्रधुमन सिंह नेगी, मुख्य आरक्षी चरण सिंह, वीरेन्द्र सिंह, हेमन्त कुमार, आरक्षी चन्द्रपाल, दीपक कुमार, हरीश आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *