जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के दुर्गापुरी में महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, मामले में एक अन्य महिला अब भी फरार चल रही है। महिला की गिरफ्तार के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है।
15 जून को भागूवाला मोनपुर निवासी कांति देवी दुर्गापुरी में अपने बीमार भाई को देखने के लिए आटो से जा रही थी। उक्त आटो में पहले से ही तीन अन्य महिलाएं भी बैठी हुई थी। दुर्गापुरी में जैसे ही कांति देवी ने आटो चालक को पैसे देकर गले पर हाथ लगाया तो उनके गले से सोने की चेन गायब थी। इससे पहले कांति देवी कुछ समझ पाती ऑटो सवार तीनों महिलाएं भागने लगी। पीड़िता की तहरीर के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में राजस्थान ग्राम सर्वेश्वर नगर जिला दौसा निवासी कश्मिा पुत्री चंदू व राजस्थान डीग जिला, ग्राम नंगला निवासी निशा को गिवईस्रोत तिराहे के समीप गिरफ्तार किया गया। जबकि, एक अन्य महिला सोनी पत्नी विशाल लूट का माल लेकर राजस्थान चली गयी है। जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम प्रयासरत है।