रुद्रपुर(। पूरनपुर रोड पर गुरुवार देर शाम लावारिस मवेशी से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। घायल का उप जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। बगुलिया निवासी 26 वर्षीय पवित्र सरकार अपने साथियों 35 वर्षीय सुरंजन सरकार पुत्र कालीपत सरकार और 27 वर्षीय तौफ अली पुत्र मोहम्मद जाना के साथ गुरुवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बगुलिया व झऊपरसा के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे बैठे लावारिस मवेशी से टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरंजन सरकार और तौफ अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पवित्र सरकार को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। झनकईया थाना प्रभारी देवेंद्र गौरव ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची थी और दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मृतक सुरंजन अपने पीछे पत्नी लिपी सरकार, पुत्री चंपा और पुत्र उदय चंद, वहीं तौफ अली पत्नी और पुत्री तान्या को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। दोनों युवक मजदूरी कर परिवार की गुजर-बसर करते थे। विधायक भुवन कापड़ी ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और घायल पवित्र सरकार का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को उचित उपचार के निर्देश दिए। डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि घायल की हालत फिलहाल स्थिर है।