जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार भाबर स्थित राजकीय इंटर कालेज जयदेवपुर सिगड्डी में छात्र-छात्राओं को चुनाव संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से हेड ब्वॉय और हेड गर्ल पद के लिए चुनावी प्रक्रिया का आयोजन किया गया।
निर्वाचन अधिकारी गणित अध्यापक राजीव शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्य शोबेंद्र जोशी की पहल पर आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत हेड ब्वाय और हेड गर्ल के पद के लिए 3 छात्र और 3 छात्राओं ने प्रत्याशी के रूप में बाकायदा नामांकन किया। तत्पश्चात प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार अभियान के दौरान स्कूल के सभी छात्रों की गोष्ठी आयोजित करते हुए अपने पक्ष में समर्थन मांगा। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने उक्त पदों के लिए मतदान किया। मतदान में हेड ब्वॉय पद पर उज्जवल रमोला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी ललित जोशी को 14 एवं हेड गर्ल पद पर कु. राधा सती ने कु. शालिनी जोशी को 22 मतों से हराया। कुल 114 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमे 3 मत अवैध पाए गए। प्रधानाचार्य शोबेंद्र जोशी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में लोकतंत्र की प्रक्रिया की समझ विकसित होती है। उनका लोकतंत्र की चुनावी प्रक्रिया में विश्वास बढ़ता है। शिक्षक राजीव शर्मा, जयकुमार दोहरे, दीवान सिंह रावत, वेद प्रकाश धस्माना, सुधा शर्मा, स्मिता नेगी, अजय ध्यानी, सतीश चन्द्र, वीरेन्द्र सिंह रावत, सुनील खंतवाल, गजपाल रावत, कल्पेश्वरी बलोधी, मनमोहन रावत, सुरेन्द्र सिंह आदि शिक्षकों ने चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने में अपना सहयोग दिया।