यूकेएसी देगी सरस्वती शिशु मंदिर के 12 विद्यार्थियों की फीस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उत्तराखंड एडवरटाइजिंग क्लब (यूकेएसी), दिल्ली, जिसकी स्थापना का एक मात्र उद्देश्य “उत्तराखंड के निवासियों के लिए दिल्ली के प्रवासी उत्तराखंडियों द्वारा कुछ सकारात्मक करने” की भावना के साथ की गई है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए यूकेएसी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
गत सप्ताह यूकेएसी के प्रमुख सदस्य मनोज डोभाल, जो वर्तमान में डिश टीवी के चेयरमैन, पूर्णकालिक निदेशक एवं सीईओ के पद पर कार्यरत हैं, के कर कमलों द्वारा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत घुड़दौड़ी गांव स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के 12 विद्यार्थियों की एक वर्ष की शिक्षा शुल्क को प्रायोजित करने के संकल्प के अंतर्गत 82,800 की राशि का प्रतीकात्मक चैक विद्यालय प्रबंधन को सौंपा गया। इसी संकल्प के तहत जनवरी 2026 की 12 विद्यार्थियों की फीस सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के खाते में जमा करा दी गई है। उल्लेखनीय है कि आर्थिक अभाव के कारण इन विद्यार्थियों की शिक्षा असमय रुकने की स्थिति में थी। बच्चों की शिक्षा निरंतर एवं बाधा रहित रूप से चलती रहे, को सुनिश्चित करने के लिए यूकेएसी अपने इस प्रयास पर गर्व महसूस करता है। उत्तराखंड एडवर टाइजिंग क्लब (यूकेएसी), दिल्ली शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रूप से कार्यरत है। इसके अंतर्गत यूकेएसी उत्तराखंड के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में युवाओं के लिए कौशल विकास, आत्मविश्वास निर्माण तथा अपने लक्ष्य एवं संकल्पों को साकार करने के लिए प्रेरित करने वाले विशेष सत्रों का नियमित आयोजन करता रहत है। यूकेएसी का मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके द्वारा समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है और इसी दिशा में संगठन भविष्य में भी अपने प्रयास जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *