यूकेडी ने वन मंत्री के खिलाफ किया प्रदर्शन, बर्खाख्त करने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गढ़वाल वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों पर उत्तराखंड क्रांति दल ने आक्रोश जताया है। शनिवार को यूकेडी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एडीएम से मुलाकात कर जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने वन मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सुबोध उनियाल को पद से बर्खास्त करने की मांग की।
शनिवार को यूकेडी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एडीएम से मुलाकात की। इस दौरान यूकेडी के युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी ने कहा कि जिले में कई गांवों में गुलदार का आतंक बना हुआ है। आए दिन गुलदार के आतंक से ग्रामीण अपनी जान गंवाने को मजबूर है। कहा कि हर दिन गुलदार के हमलों की घटनाएं सामने आ रही है, लेकिन प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल आज तक एक भी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं आए और नाही किसी घटना स्थल का उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने वन मंत्री व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि सरकार को वन मंत्री सुबोध उनियाल को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त कर देना चाहिए। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जल्द ही गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं, एडीएम अनिल गब्र्याल ने कहा कि गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए वन विभाग लगातार गश्त कर रहा है। प्रभावित इलाकों में पिंजरा लगाने के साथ ही ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है। इस मौके पर यूकेडी के ब्लाक अध्यक्ष गौरव चंदोला, विकास भंडारी, नीमा भंडारी, पूनम सिंह, शुभम, मदन सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *