कोटद्वार-पौड़ी

शहर की समस्याओं पर भड़का उक्रांद, जल्द निराकरण की मांग

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में लगातार बढ़ रही समस्याओं पर उत्तराखंड क्रांति दल ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि कोटद्वार नगर निगम बनने के बाद समस्याएं सबसे अधिक बढ़ी हैं। समस्याएं उठाने के बाद भी नगर निगम व स्थानीय प्रशासन इनके निराकरण को गंभीरता नहीं दिखा रहा। ऐसे में उक्रांद ने जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। दल के संरक्षक व मार्गदर्शक बोर्ड के अध्यक्ष डा. शक्ति शैल कपरवाण ने कहा कि निगम गठन के दौरान सरकार ने शहरवासियों को बड़े-बड़े विकास के सपने दिखाए थे। लेकिन, आज यह समस्याएं लगातार विकराल होती जा रही हैं। इनके निराकरण के लिए सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। शहर की सड़कें गढ्ढों में खो रही है। आधुनिक बस अड्ढे के नाम पर मोटर नगर में दशकों बाद भी केवल एक गड्ढा ही नजर आ रहा है। कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था नहीं होने से शहर वासियों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। दशकों पूर्व बिछाई गई बूढ़ी पेयजल लाइनों की मरम्मत के लिए भी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। निगम बनने के बाद बिजली व पानी के बिलों में भी बढ़ोत्तरी कर दी गई है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी गरीब परिवारों को हो रही है। शहर की सड़कों पर लगातार बढ़ रहे गोवंश राहगिरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। पूर्व में आश्वासन के बाद भी निगम व प्रशासन इनके संरक्षण को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष पुष्कर सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, सत्य प्रकाश भारद्वाज, सत्यपाल सिंह नेगी, रामचंद्र सिंह नेगी, ओमप्रकाश घनशेला, सतपाल नेगी, भारत मोहन काला, गुलाब सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!