शहर की समस्याओं पर भड़का उक्रांद, दिया धरना

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार आंदोलन चलाने के बाद भी शहर की समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि सरकार विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। हालत यह है कि दशकों बाद भी लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया है। यही नहीं मालन पुल की मरम्मत का कार्य भी अब तक प्रारंभ नहीं हो पाया है।
सोमवार को यूकेडी कार्यकर्ता लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग पर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि जिन राजनेताओं और अधिकारियों के कारण पुल व चिलरखाल-लालढांग मोटर मार्ग निर्माण में बाधा पहुंची है ऐसे राजनेताओं और अधिकारियों से इस पुल के खर्चे की वसूली की जानी चाहिए। मौके पर पार्टी नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने जनता से अपील की कि आने वाले लोकसभा चुनाव में यूकेडी के उम्मीदवार को विजयी बनाएं। दल के सत्ता में आने पर पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार वन कानूनों में परिवर्तन किया जाएगा। कहा कि वन कानूनों के कारण विकास योजनाएं रूकी पड़ी हैं, जंगली जानवरों का आतंक पहाड़ वासियों के ऊपर छाया हुआ है। वर्तमान सांसद पहाड़ और उत्तराखंड की समस्याओं को संसद में नहीं उठाते और न ही वे मंत्रिमंडल से बातचीत करते हैं। धरना प्रदर्शन करने वालों में जग दीपक सिंह रावत, सत्य प्रकाश भारद्वाज, पुष्कर सिंह रावत, विनोद चौधरी, राजेंद्र प्रसाद पंत, सर्वेंद्र काला, सत्यपाल सिंह नेगी, भारत मोहन काला, सतपाल सिंह नेगी और देवेंद्र अधिकारी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *