जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से विकासखंड कल्जीखाल के बिलखेत में रविवार को सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान वक्ताओं ने प्रदेश के बेहतर विकास के लिए उक्रांद को जरूरी बताया।
इस दौरान बिलखेत में जनसभा का भी आयोजन किया गया। यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। बारी-बारी से प्रदेश की सत्ता पर राज करने वाली इन राष्ट्रीय पार्टियों ने केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया। आज भी पहाड़ से रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा के लिए पलायन जारी है। प्रदेश व पहाड़ को बचाने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल का सत्ता तक पहुंचना आवश्यक है। इसके लिए जनता को अधिक से अधिक उक्रांद का साथ देना चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पौड़ी अर्जुन सिंह, केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी, जिला उपाध्यक्ष जगदंबा नैनवाल, केशवानंद आर्य, गणेश काला, संतोष डोभाल आदि मौजूद रहे।