उक्रांद ने सरकार और प्रशासन पर बोला तीखा हमला

Spread the love

रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में लगातार बढ़ते वन्यजीव हमलों को लेकर उत्तराखंड क्रान्ति दल (उक्रांद) ने गुरुवार को सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उक्रांद ने प्रदेश में मानव-वन्यजीव संघर्ष के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। जनपद रुद्रप्रयाग स्थित पार्टी कार्यालय में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उक्रांद के नव नियुक्त केन्द्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली और जिलाध्यक्ष सूरत सिंह झिंक्वाण ने कहा कि राज्य सरकार पहाड़वासियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है और आम जनता को लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। केन्द्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली ने कहा कि राशन कार्ड सत्यापन हो या वोटर लिस्ट के गहन पुनरीक्षण का मामला, हर मोर्चे पर आम जनता परेशान है। जिलाध्यक्ष सूरत सिंह झिक्वाण ने आरोप लगाया कि जनपद की विकास योजनाएं पार्टी विशेष के नेताओं की भेंट चढ़ गई हैं। बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं कुछ खास ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि स्वयं ठेकेदारी व्यवस्था में लिप्त हैं। उक्रांद के केन्द्रीय संगठन मंत्री विष्णु कांत शुक्ला ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और पीएमजीएसवाई जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं कुछ चुनिंदा ठेकेदारों की जागीर बनकर रह गई हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *