खांडयूसैंण के पास ट्रक अनियंत्रित, हादसा टला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सर्दी बढ़ने से जिले की विभिन्न सड़कों पर पाला गिरने लगा है। सड़कों पर जमे पाले में वाहनों के फिसलने का खतरा भी बढ़ गया है। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर खांड्यूसैंण स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक पाले में स्लिप हो गया। गनीमत रही कि बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। ट्रक स्लिप होने से करीब 1 घंटे तक आवाजाही भी ठप रही।
पर्वतीय क्षेत्र की सड़कों पर सर्दी के मौसम में पाला गिरने से वाहनों के संचालन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रात में जमा पाला जमने के कारण सुबह के समय सड़कों पर शीशे जैसी चादर बिछ जाती है। इसके चलते वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। इसमें सबसे अधिक दोपहिया वाहन रपटते हैं। पाला गिरने वाले स्थानों में सबसे अधिक सुबह के समय दुर्घटनाएं होती हैं। गुरुवार को देवप्रयाग-पौड़ी मोटरमार्ग पर करीब सुबह 9 बजे एक ट्रक स्लिप होने के कारण सड़क के बीचो-बीच फंस गया। ट्रक के फंसने से सड़क में वाहनों की लंबी कतार लगने से करीब 1 घंटे तक जाम लग गया। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि संबंधित विभाग द्वारा पालाग्रस्त क्षेत्रों में चूने का छिड़काव किया जा रहा है लेकिन वाहनों के स्लिप होने से वाहन चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जाम में फंसे कांग्रेसी नेता वीर प्रताप सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से पालाग्रस्त क्षेत्र में चूने का छिड़काव समुचित मात्रा में नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते आवाजाही करने में वाहन चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बड़ी दुर्घटनाओं से बचने के लिए पाला ग्रस्त क्षेत्रों में प्रशासन से समुचित मात्रा में चूने का छिड़काव कराने की मांग की है।

सड़कों पर हो रहा चूना और नमक का छिड़काव
पौड़ी में पाला और बर्फ की वजह से 5 सड़कों पर आवाजाही को लेकर ज्यादा दिक्का होती हैं। जिसमें थलीसैंण- चिपलघाट चौरी-खाल सड़क पर चौरी खाल के पास पाला गिरता है। इसके साथ ही चौरीखाल, दमदेवल, हाइवे पौड़ी-कोटद्वार, बुवाखाल-रामनगर, स्टेट हाइवे पौड़ी देवप्रयाग सड़क पर भी पाले की समस्या होती है। पाले से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग चूना और नमक ऐसी जगह पर डालता है। ईई डीसी नौटियाल ने बताया कि इससे निपटने के लिए इंतजाम किए गए है। पालाग्रस्त क्षेत्रों में चूना और नमक डाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *