नहीं रहे मृदुभाषी विधायक हरबंस कपूर

Spread the love

-हरबंस कपूर के निधन से राजनेताओं समेत क्षेत्रवासियों में शोक की लहर
-75 साल के थे कपूर, हृदय गति रुकना बताया जा रहा मौत का कारण
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक हरबंस कपूर का आकस्मिक निधन हो गया। मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। वे पूरी तरह स्वस्थ थे और पार्टी की तमाम बैठक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय थे। रविवार को भी उन्होंने विभिन्न बैठकों में प्रतिभाग किया। रात को वे भोजन करने के बाद अपने इंदिरा नगर स्थित आवास पर सो गए थे। सुबह जब उन्हें चाय पीने के लिए उठाया गया तो वे नहीं उठे। वे अभी 75 वर्ष के थे। उनके निधन से भाजपा समेत क्षेत्रवासियों में भी शोक की लहर है।
हरबंस कपूर के निधन पर राजनेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके निधन पर दुख जताया। कहा, मेरे वरिष्ठ सहयोगी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन से दुखी हूं। मृदुभाषी कपूर ने हमेशा सादगी के साथ जीवन जिया। उन्होंने कपूर के आवास पर पहुंच स्वजन को सांत्वना दी और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
वहीं, पिथौरागढ़ से विधायक चंद्रा पंत ने ट्वीट किया, हमारे सुख-दुख के साथी, जिनका आशीर्वाद, मार्गदर्शन सदैव मिलता रहा वरिष्ठतम नेता हरबंस कपूर के निधन से मन बहुत दुखी है। ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और साथ ही उनके परिवारजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने हरबंस कपूर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठतम विधायकों में से एक हरबंस कपूर ने अनेक संघर्षों से पार्टी संगठन को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्तराखंड बनने के बाद विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी।

आज जो हूं उन्हीं की वजह से हूं : गणेश जोशी
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मैं आज जो भी हूं, सब उनका आशीर्वाद है। उनका निधन भाजपा के साथ ही मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने प्रार्थना की कि पुण्यआत्मा को अपने चरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा ने स्थगित किए सभी कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश भर में सोमवार को आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।

कांग्रेस ने भी रैली की स्थगित
देहरादून में दिलाराम चौक के समीप कांग्रेस की होने वाली रैली को स्थगित किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने विधायक स्वर्गीय हरबंस कपूर के निधन पर दिलाराम चौक पर श्रंद्धाजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आदि मौजूद रहे।

लगातार आठ बार विधायक बनने का रिकॉर्ड
सात जनवरी 1946 को जन्मे हरबंस कपूर एक कुशल राजनीतिज्ञ रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैंट विधानसभा सीट से विधायक थे। कैंट क्षेत्र में उनका ही दबदबा रहा है। वह लगातार आठ बार इस सीट पर काबिज हुए। इससे जनता के बीच उनकी पकड़ का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। हरबंस कपूर 2007 से 2012 तक उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 1985 में उन्हें पहली हार मिली थी, लेकिन इसके बाद से वे कभी विधानसभा चुनाव नहीं हारे और लगातार आठ बार विधायक बने।

डा. निशंक ने जताया शोक, बताया अपूर्णीय क्षति

पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद हरिद्वार डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. निशंक ने कहा कि स्व. कपूर मृदुभाषी, जमीनी नेता और सादगी के प्रतीक थे। उनका निधन भाजपा समेत पूरे प्रदेश की क्षति है जिसे पूरा किया जाना संभव नहीं है। निशंक ने कहा कि वह सदैव आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जूझते रहे और इस दौरान उन्होंने बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *