विकसित भारत की नींव रखता है केंद्रीय बजट: अजय भट्ट

Spread the love

रुद्रपुर(। भाजपा जिला कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय बजट को देश के कायाकल्प की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला दूरगामी विजन है, जिसमें किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग केंद्र में हैं। भट्ट ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भारत आज खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर है। 35 करोड़ टन से अधिक का रिकॉर्ड उत्पादन और चावल के क्षेत्र में विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक बनना कृषि नीतियों की सफलता का प्रमाण है। दूध और मछली उत्पादन में भी भारत अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। चालू वित्तीय वर्ष के पहले पांच महीनों में ही एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के स्मार्टफोन निर्यात ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की मजबूती को दर्शाया है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण के लिए 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है, जिससे परिवहन सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। मुद्रा योजना के तहत 38 लाख करोड़ रुपये का ऋण छोटे उद्यमियों को दिया गया, जिससे 12 करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार मिला। कहा पूर्वोत्तर के विकास के लिए 11,639 करोड़ रुपये का विशेष बजट स्वीकृत किया गया है। वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार और चिनाब ब्रिज जैसे प्रोजेक्ट देश की बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, दर्जाधारी उत्तम दत्ता, पूर्व मेयर रामपाल, नेत्रपाल मौर्या, अनुभव चौधरी, रश्मि रस्तोगी, विजय पाल सिंह तोमर, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, अक्षय गहलोत, योगेश वर्मा, परवेज खान और मुकेश पाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *