केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे राष्ट्रीय खेलों का समापन

Spread the love

उद्घाटन समारोह की तरह ही होगा भव्य व विराट आयोजन
राष्ट्रीय खेलों में टूटे कई रिकार्ड, शानदार खेला उत्तराखंड
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन शुक्रवार 14 फरवरी को हल्द्वानी में होने जा रहा है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोट्र्स कॉलेज में राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया था। हल्द्वानी के अंर्तराष्ट्रीय स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में आयोजित होने वाले समापन समारोह को भी उसी स्तर का भव्य व विराट बनाने की तैयारी है।
राष्ट्रीय खेलों में इस बार 35 खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें से दो को छोड़कर बाकी सभी मेडल टेली के खेल थे। देहरादून राष्ट्रीय खेलों का प्रमुख आयोजन स्थल रहा। इसके बाद हल्द्वानी, हरिद्वार, रूद्रपुर जैसे शहरों में सबसे ज्यादा खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। आयोजन की खूबसूरती यह भी रही कि खटीमा, टनकपुर, अल्मोड़ा, टिहरी जैसे ठेठ पर्वतीय क्षेत्रों में भी खेल गतिविधियां संचालित की गईं। राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह शुक्रवार 14 फरवरी को हल्द्वानी के अंर्तराष्ट्रीय स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में दोपहर दो बजे से शुरू होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि बतौर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोंगकल संगमा, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, केंद्रीय खेल एवं युवा मामले की मंत्री रक्षा निखिल खडसे, खेल मंत्री उत्तराखंड रेखा आर्या, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष व सांसद डा. पीटी ऊषा इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री धामी का संकल्प : देवभूमि को बनाएंगे खेल भूमि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। कहा कि उत्तराखण्ड अब सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी स्थापित होगा। खिलाड़ियों के व्यक्तित्व का विकास होगा और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री लगातार खेल आयोजनों का निरीक्षण कर रहे हैं। हाल ही में वे वंदना कटारिया स्टोर्स स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने खुद हॉकी खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मलखंब और कुश्ती प्रतियोगिताओं का भी अवलोकन किया और साइकिल चलाकर मैदान का जायजा लिया। उत्तराखण्ड सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय खेलों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश का भविष्य खेलों के क्षेत्र में उज्ज्वल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *