जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड द्वारीखाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत हथनूड़ में जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय पेयजल मंत्री सीआर पाटिल ने ग्रामीणों से संवाद कर जल जीवन मिशन के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट व ग्राम प्रधान गीता चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। साथ ही मंदिर परिसर में स्थित जल स्रोतों का पूजन कर उन्हें कलावा बांधकर संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय पेयजल मंत्री सीआर पाटिल ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ग्राम प्रधान गीता चौहान, बृजमोहन सिंह, उर्मिला देवी, सतीश सिंह व स्कूली छात्रों से संवाद कर जल जीवन मिशन से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि घर-घर जल पहुंचने से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है व समय की बचत हुई है। कार्यक्रम में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार वर्मा ने ग्राम प्रधान को पेयजल योजना से संबंधित हस्ताक्षरित प्रति सौंपते हुए योजना की जानकारी दी। क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि जल संरक्षण आज केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता बन चुका है। कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को राहत मिली है। उन्होंने लोगों से जल का दुरुपयोग न करने व वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की। पेयजल व स्वच्छता निदेशक प्रदीप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण एक गंभीर वैश्विक चुनौती है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कहा कि जल जीवन मिशन के साथ-साथ जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण को लेकर जन जागरुकता अभियान भी चलाए जा रहे है, ताकि लोग जल के महत्व को समझे और इसे बचाने में अपनी भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, जल जीवन मिशन के अधीक्षण अभियंता मो. मीशम, जल संस्थान अधीक्षण अभियंता प्रवीण सैनी, खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट, तहसीलदार वैभव जोशी मौजूद रहे।