बदरीनाथ धाम पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, भारत-चीन बॉर्डर पर जवानों की हौसला अफजाई

Spread the love

चमोली(सं)। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन के दौरे पर उत्तराखंड में हैं। सीएम योगी शनिवार दोपहर को चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी को केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए शनिवार को पहुंचना था। लेकिन खराब मौसम के चलते उन्हें ऐन मौके पर अपने कार्यक्रम में परिवर्तन करना पड़ा। केदार घाटी में ढाई बजे करीब मौसम खराब होने एवं घना कोहरा छाने के कारण हेली सेवाएं बाधित हो गई। बदरीनाथ धाम में मौसम साफ होने के चलते मुख्यमंत्री बद्रीनाथ पहुंचे हैं।
सीएम योगी उत्तराखंड में स्थित भारत-चीन बॉर्डर पर सीमा चौकी माणा पास बार्डर भी गए हैं। सीएम योगी ने आईटीबीपी के जवानों की हौसला अफजाई की है। सीएम योगी के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बदरीनाथ धाम पहुंचकर सीएम योगी ने कुछ देर बीआरओ के अतिथि गृह में आराम किया। उसके बाद वे भारत-चीन सीमा पर भारत की सीमा चौकी माणा पास में तैनात भारत की सेना के जवानों और आईटीबीपी के जवानों से मिलने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने जवानों की जमकर तारीफ भी की। कहा कि इतने कड़े मौसम और बर्फिली पहाड़ों के बीच भारत के रणबांकुरे देश की सीमा की हिफाजत करने में जुटे हुए हैं।
सूत्रों की बात मानें तो सीएम योगी कल आठ अक्तूबर रविवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन करेंगे। मौसम ने अगर साथ दिया तो सीएम योगी केदारनाथ धाम में दर्शन करने को भी जा सकते हैं।

 

खराब मौसम के चलते केदारनाथ नहीं पहुंचे योगी आदित्यनाथ
रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को खराब मौसम के चलते केदारनाथ धाम नहीं पहुंच सके। वह सीधे बदरीनाथ धाम पहुंच गए। हालांकि उनका कार्यक्रम केदारनाथ में रात्रि विश्राम का था। किंतु दोपहर बाद पूरी घाटी में कोहरा छा गया, जिससे योगी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। शनिवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का केदारनाथ आने का कार्यक्रम था। इसी के चलते केदारनाथ धाम में योगी के आगमन को लेकर प्रशासन, पुलिस, बीकेटीसी द्वारा सभी तैयारियां की गई। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा कर्मी भी केदारनाथ में मौजूद हैं। हालांकि कई भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी केदारनाथ पहुंच गए, किंतु मौसम ने सभी को निराश कर दिया। दोपहर तक यहां खूब हेलीकॉप्टरों की उड़ाने हुई किंतु ढ़ाई बजे बाद मौसम खराब हो गया जिससे यहां हेलीकॉप्टरों की आवाजाही रुक गई। सीएम की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें बदरीनाथ धाम के लिए रवाना किया गया। बताया गया कि योगी रविवार सुबह केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। जहां वे पूजा अर्चना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *