यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन : 1 लाख का इनामी फैसल ढेर, संजीव जीवा गैंग का था शार्प शूटर

Spread the love

शामली , उत्तर प्रदेश के शामली में झिंझाना क्षेत्र के भोगीमजरा के जंगल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। झिंझाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया, जबकि एसओजी का एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया।
मारे गए बदमाश की पहचान कुख्यात संजीव जीवा गैंग के सक्रिय शूटर फैसल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे वेदखेड़ी मार्ग पर कुछ बदमाश लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वेदखेड़ी निवासी जीतराम पुत्र रामचन्द्र से नकदी, मोबाइल व बाइक लूट ली। लूट की सूचना मिलते ही झिंझाना थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान एसओजी के सिपाही दीपक निर्वाण को भी गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि मृतक बदमाश की पहचान मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी फैसल के रूप में हुई है। वह संजीव जीवा गैंग का सक्रिय शूटर था और उस पर हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई संगीन मामलों में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीमों ने फरार बदमाश की तलाश में जंगल में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया है। मौके से दो बाइक, दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *