रुद्रपुर()। अवैध मछली चोरी की शिकायत पर मत्स्य विभाग लखनऊ यूपी की टीम ने शारदा सागर में दबिश देकर दर्जनों शिकारियों के जाल जब्त कर लिए। हालांकि, शिकारी भागने में सफल रहे। बुधवार शाम को शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चलती रही। वहीं टीम ने झनकया थाने में छह लोगों के खिलाफ मछली चोरी के आरोप में तहरीर दी है। इससे मछली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। पिछले काफी समय से डैम में चोरी की शिकायत मिल रही थी। डैम का टेंडर पिछले काफी समय से नहीं होने के कारण मछली चोरी करने वाले गिरोह का एक सिंडिकेट बन चुका था, जो प्रतिदिन लाखों रुपये की अवैध रूप से मछली चोरी कर राजस्व का नुकसान कर रहा है। बुधवार को एसएसबी, वन विभाग, पुलिस और मत्स्य विभाग की टीम ने स्टीमर और नाव से अचानक डैम में एक साथ घेराबंदी कर मछली चोरी करने वालों को खदेड़ दिया। मत्स्य विभाग के एक उच्चाधिकारी ने बताया कि डैम में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए शिकारियों के जाल जब्त कर लिए हैं। झनकईया थाने में अवैध शिकार करने वाले शिकारियों की लिस्ट दी गई है। वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिकारियों की धरपकड़ के लिए पूरी रात अभियान चलता रहा है और आगे भी जारी रहेगा। बताते चलें कि मछली चोर इतने शातिर हैं कि डैम में गश्त के लिए पूर्व ठेकेदार की स्टीमर का इंजन ही रात में चुरा ले गए थे और नाव को पानी में डुबा दिया था। काफी कोशिशों के बाद भी इंजन का पता नहीं लग पाया। अभियान में उत्तर प्रदेश मत्स्य निगम के जीएम राजेंद्र प्रसाद, तकनीकी सलाहकार अरविंद सिंह, एसएसबी के अधिकारी, वन विभाग से वन बीट अधिकारी रविन्द्र कुमार और सुखविंदर सिंह सहित स्टाफ मौजूद रहा।