देहरादून()। नियमितिकरण को लेकर उपनल कर्मचारियों ने शुक्रवार को अलग-अलग विभागों में जाकर गेट मीटिंग की। उन्होंने एकजुट होकर आंदोलन में शरीक होने के आह्वान किया। उपनल कर्मचारी नौ नवंबर तक नियमितिकरण के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। ऐसा नहीं होता है तो वह 10 से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर देंगे। उपनल कर्मचारी महासंघ ने 10 नवम्बर से प्रस्तावित आंदोलन की तैयारी को लेकर देहरादून स्थित कृषि निदेशालय, बाल विकास निदेशालय, विज्ञान धाम, वन विभाग, सरकारी अस्पताल विकासनगर और डिग्री कॉलेज डाकपत्थर में कर्मचारियों के साथ गेट मीटिंग की। कहा कि अब आर-पार की लड़ाई का वक्त आ गया है, ऐसे में कर्मचारियों को एकजुटता दिखानी होगी।
कहा कि वर्ष 2018 में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण को ले कर सरकार आदेश दिया था। हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की, जिसे खारिज कर दिया गया है, लेकिन सरकार की मंशा अभी भी उपनल कर्मचारियों के नियमित करने की नहीं है। ऐसे में आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचता है। गेट मीटिंग में उपनल महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मीना रौथाण, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह चौहान, देहरादून जिला अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कार्यकारी अध्यक्ष अजय देव, महामंत्री रमेश डोभाल, आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के विभाग अध्यक्ष सागर ध्यानी मौजूद रहे।