मोदी की हत्या करने को तत्पर रहो वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया के बयान पर बवाल, एफआइआर दर्ज

Spread the love

भोपाल, एजेंसी। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार्यकर्ताओं से यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर संविधान बचाना है तो मोदी की हत्या करने को तत्पर रहो। इस वीडियो को भाजपा नेता राजपाल सिंह सिसौदिया ने सोमवार सुबह ट्विटर पर पोस्ट किया। पीएम मोदी पर इस तरह के बयान पर भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। एफआइआर दर्ज कर ली गई है, कानून अपना काम करेगा।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वालों की असलियत सामने आ रही है। मोदी जी जनता के दिलों में बसते हैं। संपूर्ण देश की श्रद्घा और आस्था के केंद्र हैं। कांग्रेस के लोग मैदान में उनसे मुकाबला नहीं कर पाते हैं। इसलिए कांग्रेस के एक नेता मोदी जी की हत्या की बात कर रहे हैं। ये विद्वेष की पराकाष्ठा है, घृणा की अति है। हालांकि बयान वायरल होने के बाद राजा पटेरिया ने माफी मांगी है और कहा कि उनके बयान को तोड़मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया। उधर, कांग्रेस ने भी बयान से किनारा कर लिया। मालूम हो कि राजा पटेरिया पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री भी रहे हैं।
भाजपा नेता राजपाल सिंह सिसौदिया ने ट्वीट कर कहा, यह कांग्रेस का असली चेहरा है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता राजा पटेरिया मोदी जी की हत्या का बयान देकर समाज को विभाजित कर भड़काऊ भाषण दे रहे हैं। मालूम हो कि राजा पटेरिया ने यह बयान पन्ना जिले के पवई तहसील में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक में दिया।
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा मोदी की हत्या करने संबंधी बयान को लेकर भाजपा ने पटेरिया के विरुद्घ गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) सहित विभिन्न अपराधिक धाराओं के तहत प्रकरण कायम करने की मांग की है। नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार दोपहर एक बजे पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना से मिलने के लिए पुलिस मुख्यालय पहुंचा था। इसमें भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक ष्णा गौर, राहुल कोठारी, नगर पालिका निगम परिषद के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी शामिल थे।
डीजीपी को दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री की हत्या की अपील करना भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर चुनौती देना है। देश में अराजकता फैलाने का षड्यंत्र और मध्य प्रदेश में उपद्रव और दंगा करवाने की साजिश है। मालूम हो कि राजा पटेरिया ने पन्ना जिले की पवई में कांग्रेस की एक बैठक में कहा था कि संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने को तत्पर रहो। इसको लेकर प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बयान जारी कर कहा है कि राजा पटेरिया के बयान से पार्टी कोई इत्तेफाक नहीं रखती। उन्होंने कहा कि इस बयान से पार्टी को दूर रखना चाहेंगे। कांग्रेस पार्टी का जन्म अहिंसा की कोख से हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *