इलाज के दौरान छात्र की संदिग्ध मौत पर हंगामा

Spread the love

ऋषिकेश। श्यामपुर स्थित विस्थापित कलोनी निवासी एक छात्र की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा काटा। उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक छात्र सचिन (25) पुत्र महावीर राणा का इलाज देहरादून रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। रविवार को अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। इसके चलते चिकित्सक ने सचिन को तिलक रोड पर संचालित प्राइवेट अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के दौरान सचिन की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलती है, तो मामले में कार्रवाई भी की जाएगी। बताया जा रहा है कि सचिन होटल मैनेजमेंट का छात्र था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *