जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वर: बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने कोटद्वार स्थित सिताबपुर में बने पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उर्वशी वापस मुंबई के लिए लौट गई। उर्वशी ने कहा कि उन्हें उत्तराखंडी होने पर गर्व है।
कोटद्वार के सिताबपुर में बने पोलिंग बूथ में शुक्रवार को सुबह सात बजे अभिनेत्री उर्वशी रौतेला अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंची। इस दौरान उर्वशी के पिता मनवर रौतेला, मां मीरा रौतेला व उर्वशी ने भी वोट डाला। वोट डालने के बाद उर्वशी ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति व परंपराएं काफी समृद्ध है। चुनाव में हम सभी को ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहिए, जो पलायन की समस्या रोकने के साथ प्रदेश का चहुंमुखी विकास करे। एक्ट्रेस उर्वशी ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन में अपार संभावनाएं है। प्रदेश का इस तरह विकास होना चाहिए कि उत्तराखंडियों को रोजगार की दृष्टि से बाहर जाना ही नहीं पड़े। गौरतलब हो कि उर्वशी रौतेला दो दिन पूर्व अपने गृह नगर कोटद्वार में अपने पड़ोस के एक विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंची थी। शुक्रवार को सुबह मतदान करने के बाद उर्वशी मुंबई के लिए लौट गई। उर्वशी की मां मीरा रौतेला ने बताया कि उर्वशी लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करके काफी उत्साहित नजर आई।