बिहार के चुनावी रण में मोर्चे पर डटे उत्तराखंड भाजपा के योद्धा

Spread the love

देहरादून। बिहार विधानसभा के चुनावी रण में उत्तराखंड भाजपा के सूरमा भी मोर्चे पर डटे हैं। समान नागरिक संहिता लागू करने समेत अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर देशभर में चर्चा में आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वाभाविक रूप से पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं तो प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार को बिहार के 42 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। नैनीताल सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा तीन विधायकों को भी मोर्चे पर लगाया गया है। अब भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की टोलियां भी चुनाव प्रचार के लिए बिहार भेजने की तैयारी है।भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव से अजेय: उत्तराखंड में भाजपा वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से अजेय बनी हुई है। तब से लेकर अभी तक के प्रत्येक चुनाव में वह विपक्ष को चारों खाने चित्त करती आई है तो इसमें उसके बेहतर बूथ प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। चुनाव कोई भी हो, उसमें बूथ प्रबंधन के तहत प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों की तैनाती, बूथ स्तर पर टोली कार्यकर्ताओं की निरंतर सक्रियता और की-वोटर से लगातार संपर्क पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाता है। इसीलिए, उत्तराखंड भाजपा के बूथ प्रबंधन को बेहतर माना जाता है और इसी के दृष्टिगत पार्टी नेतृत्व लोकसभा और राज्यों के विधानसभा चुनावों में यहां के पार्टी नेताओं का भरपूर उपयोग किया जाता है।
इसी कड़ी में उत्तराखंड से भाजपा नेताओं को बिहार विधानसभा चुनाव में मोर्चे पर उतारा गया है। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। पार्टी के प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार एक माह पहले से बिहार में मोर्चा संभाले हुए हैं। पिछले तीन सप्ताह से नैनीताल सांसद अजय भट्ट भी वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले छह विधानसभा क्षेत्रों में सभाओं, रोड शो, बैठकें समेत अन्य कार्यक्रमों में सक्रिय हैं। इसके साथ ही विधायक प्रदीप बत्रा, शिव अरोड़ा व अरविंद पांडेय को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।
नैनीताल सांसद भट्ट के अनुसार पूरे बिहार में भाजपा-एनडीए के पक्ष में जबर्दस्त लहर चल रही है। इधर, सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र के छह दिवसीय दौरे से लौटे विधायक एवं पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय के अनुसार वह उन्हें आवंटित सीतामढ़ी क्षेत्र के 247 बूथ इकाइयों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुके हैं। एक-दो दिन बाद वह फिर से सीतामढ़ी क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। इसी प्रकार अन्य नेता भी अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *