हल्द्वानी। गोवा में 10 से 17 मई तक आयोजित ऑल इंडिया सब जूनियर बैडमिंटन रैंकिंग टूर्नामेंट में उत्तराखंड के ऐंजल-आन्या और निश्चल-सूर्यांश की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में प्रदेश को कुल चार पदक हासिल हुए हैं। प्रतियोगिता के अंडर-17 आयु वर्ग की बालिका युगल वर्ग में पिथौरागढ़ की ऐंजल पुनेठा और देहरादून की आन्या बिष्ट की जोड़ी ने कर्नाटक की दया भीमाह बी और हरियाणा की बरुनी परशवाल की जोड़ी को 21-10, 21-14 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। बालक युगल वर्ग में पिथौरागढ़ के निश्चल चंद और देहरादून के सूर्यांश रावत की जोड़ी ने केरल के बोराह जयसान और अथीस श्रीनिवास की जोड़ी को 17-21,22-20,21-19 से हराकर खिताब अपने नाम किया। बालक एकल वर्ग में सूर्यांश रावत को फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक मिला। जबकि निश्चल चंद को कांस्य पदक हासिल हुआ।