अल्मोड़ा()। नगर में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान दिए गए विवादित और भड़काऊ बयानों को लेकर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी ने इसे प्रदेश की सामाजिक समरसता पर हमला बताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी. सी. तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम में दिए गए अशोभनीय और आपत्तिजनक वक्तव्य न केवल मर्यादाओं के खिलाफ हैं, बल्कि समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान सार्वजनिक मंच से दिए जाना और उस दौरान जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में विभिन्न मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सामाजिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिशें की जा रही हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। पी. सी. तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा जैसे सांस्कृतिक और बौद्धिक नगर में इस तरह की घटनाएं उसकी पहचान के विपरीत हैं। उन्होंने समाज में सद्भाव बनाए रखने और महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए सभी वर्गों से सजग रहने की अपील की। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने आम लोगों से भी सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने में सहयोग देने की बात कही है।