‘न्यायाधीशों के लिए एक मंच बनेगा उत्तरांचल न्यायाधीश संघ

Spread the love

नैनीताल। उत्तरांचल न्यायाधीश संघ के सदस्यों ने बीते शुक्रवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश एवं संघ की मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति रितु बाहरी से शिष्टाचार भेंट की। संघ के पुनर्जीवन के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान संघ के संरक्षक और वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई। इस दौरान हुई बैठक में संघ के संरक्षक वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित और न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि उत्तरांचल न्यायाधीश संघ का पुनर्जीवन राज्य में न्यायाधीशों के कल्याण और व्यावसायिक हितों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण कदम है। संघ कुछ समय से निष्क्रिय था। अब न्यायाधीशों के लिए एक मंच के रूप में पुनर्जीवित हो गया है। कहा कि यहां वह अपनी चिंताओं को संबोधित कर सकते हैं और अपने व्यावसायिक विकास के लिए आवाज उठा सकते हैं। बैठक में मुख्य न्यायाधीश ने संघ के लिए एक कार्यालय कक्ष और देहरादून के नव निर्मित जिला न्यायालय में सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के लिए एक कक्ष आवंटित करने को मंजूरी दी। न्यायाधीशों ने उत्तराखंड के न्यायिक अधिकारियों के कल्याण के लिए अपने विचार भी साझा किए। न्यायिक अधिकारियों के लिए प्रशिक्षित स्टेनोग्राफरों की उपलब्धता, प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित करने के लिए सुविधाएं, न्यायाधीशों के तबादलों के लिए अधिक सरल प्रक्रिया और आपात स्थितियों में न्यायिक अधिकारियों के लिए सहायताएं चर्चा में शामिल थीं। इसके अलावा न्यायिक अधिकारियों के लिए पदोन्नति के मार्गों पर भी चर्चा की गई। सफल आयोजन रजिस्ट्रार जनरल कहकशां खान आदि ने किया। इस मौके पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव और कोर समिति के सचिव प्रदीप कुमार मणि, रजिस्ट्रार सतर्कता धर्म सिंह, रजिस्ट्रार निरीक्षण प्रतिभा तिवारी, रजिस्ट्रार प्रोटोकॉल विवेक श्रीवास्तव, ओएसडी एसएलएसए अरुण वोहरा, सीपीसी अनूप कुमार आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *