उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 3, 4 और 5 मार्च को प्रदेश में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। ऊचांई वाले पर्वतीय जिलों में हिमपात भी हो सकता है। मौसम विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि पश्चिमी विक्षोभ दो मार्च की रात से सक्रिय होगा। इसके कारण 3 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, बर्फबारी हो सकती है। यह सिलसिला अगले तीन दिनों तक रहने का अनुमान है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। उधर, सोमवार को प्रदेश के कई शहरों के तापमान में गिरावट आई। पंतनगर और दून में फरवरी माह के अंतिम दिनों में तापमान रिकार्ड ऊचांईयां छू रहा था वहां भी कमी नजर आई। दून में तापमान 27.7 व 9.6 रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक पर आ गया है। जबकि न्यूनतम सामान्य के बराबर आ गया है। पंतनगर में सोमवार का तापमान 28.6 रहा जो सामान्य से सिर्फ तीन डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.8, नई टिहरी में 18.4, पिथौरागढ़ में 22.9, अल्मोड़ा 25.9, बागेश्वर 30, गैरसैंण 22.2, लोहाघाट-20.2, मसूरी 18.1, रुड़की 29, नैनीताल 17, पौड़ी 18.2, रुद्रप्रयाग 27.2, रुद्रपुर 28.2, हर्षिल में 13.8 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार छह मार्च के बाद एक बार फिर तापमान में तेजी आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *