रूस यूक्रेन युद्घ से लगा उत्तराखंड के फार्मा और सिडकुल इंडस्ट्रीज सेक्टर को झटका

Spread the love

हरिद्वार। रूस और यूक्रेन के बीच युद्घ से सिडकुल इंडस्ट्रीज और फार्मा सेक्टर को करारा झटका लगा है। कच्चा माल 15 फीसदी महंगा होने के साथ कच्चे माल की सप्लाई भी बाधित हो रही है। सिडकुल स्थित सभी कंपनियों व अधिकांश कंपनियां दवाओं के रसायन और पैकेजिंग के कच्चे माल के लिए रूस-यूक्रेन समेत सीआइएस (कामनवेल्थ अफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स) पर निर्भर हैं। युद्घ के चलते बीते 10 दिन में एल्युमिनियम फइल (पैकेजिंग) के भाव 100 रुपये प्रति किलो से अधिक बढ़ गए है। एल्युमिनियम फइल कोरोनाकाल में 265 रुपये किलो, उसके बाद बढ़कर 335 रुपये किलो हुई। सप्ताह भर से युद्घ के दौरान अब 470 रुपये किलो पहुंच गई है। कच्चे माल के दाम बढ़ने से दवाओं की पैकिंग और दामों पर भी असर देखने को मिलेगा। फार्मा इकाइयां रूस और यूक्रेन से बड़े पैमाने पर दवाओं के कच्चे माल और पैकेजिंग के रूप में विभिन्न रसायन और एल्युमिनियम फइल का आयात करती हैं। मौजूदा हालात के चलते कच्चा माल जगह-जगह फंस गया है। युद्घ से पहले ही देश में कच्चे माल को डंप कर दिया गया है। उत्तराखंड सिडकुल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राज अरोरा और उत्तराखंड फार्मा एसोसिएशन के अध्यक्ष डा़अनिल शर्मा ने बताया कि कच्चे माल के अलावा पैकेजिंग पर भी इसका विपरीत असर देखने को मिल रहा है। फार्मा संचालकों का कहना है कि तीन माह पहले कार्टन (पैकेजिंग) में 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। प्रिन्टेड फइल 500 किलोग्राम से बढ़कर 600 रुपये किलोग्राम पहुंच गया है। कच्चा माल सेप्टिक जोल, पीवीसी 10 फीसदी महंगा हो गया है। इसी तरह अन्य कच्चे सामान पर भी युद्घ का असर पड़ा और वह सब महंगे दरों में मिल रहे हैं। अकेले हरिद्वार जिले में लगभग 200 से अधिक छोटी बड़ी फार्मा इकाइयों साथ ही अन्य उधोग भी है। रूस और यूक्रेन समेत सीआइएस (कामनवेल्थ आफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स) दवाओं के सबसे बड़े खरीदार हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि युद्घ के चलते फार्मा इकाइयों का कितना बड़ा कारोबार प्रभावित हो रहा है। फार्मा कंपनी संचालकों का कहना है कि यदि हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो फार्मा सेक्टर को बड़ा झटका लगेगा। जिससे उबरने में लंबा समय भी लग सकता है। पहले कोरोना काल में फार्मा को मिलने वाला कच्चा माल महंगा कर दिया गया। कोरोना की दूसरी व तीसरी लहर समाप्त होने के बाद भी कच्चे माल के दाम कम नहीं हुए। अब अगर रूस और यूक्रेन का युद्घ लंबा चला तो तमाम दवा कंपनियों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *