वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में तोड़े तीन बड़े रिकॉर्ड

Spread the love

नईदिल्ली, अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से मात देकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया है. जिम्बाब्वे के हरारे क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने वैभव सूर्यवंशी के 175 रनों की पारी की बदौलत इंग्लैंड के सामने 411 रनों का विशाल लक्ष्य रखा और फिर विरोधी टीम को 40.2 ओवर में 311 रन पर समेटकर मैच अपने नाम कर लिया.
वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे. इस तूफानी पारी के दौरान, वैभव ने तीन बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. वो अब अंडर 19 में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए. इसके अलावा उन्होंने इस टूर्नामेंट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के मारने का भी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. तीसरा रिकॉर्ड ये कि वो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए.
भारतीय ओपनर वैभव ने 71 गेंदों में 150 रन बनाए और इसी मैदान पर चल रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के बेन मेयस के स्कॉटलैंड के खिलाफ बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इस सीजन की शुरुआत में, सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025/26 में सबसे तेज लिस्ट ए में 150 रन मात्र 59 गेंदों में बनाए थे.
14 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी पारी में 15 छक्के लगाए, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2008 के एडिशन में नामीबिया के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे.
सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने का भी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, यह कारनामा उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों में किया. साथ ही, उन्होंने वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक भी दर्ज किया.
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *