वैभव बनाम बुमराह: 15 साल के बल्लेबाज ने पहले ही ओवर में लगाए दो छक्के, झूम उठे कमेंटेटर

Spread the love

नईदिल्ली, इस समय क्रिकेट की दुनिया में एक टीनएज खिलाड़ी के नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. यह खिलाड़ी बिहार के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी हैं. 7 अप्रैल 2026 की शाम शायद वैभव की जिंदगी का सबसे यादगार दिन होगा. क्योंकि जहां दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी का सामना करने से डरते हैं, वहीं इस युवा लड़के ने अपने आक्रामक अंदाज से बुमराह को जवाब देकर सबको चौंका दिया है.आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मैच से पहले सबसे ज्यादा चर्चा वैभव बनाम बुमराह की ही हो रही थी. हर कोई इस टकराव को देखने के लिए उत्सुक थे, लेकिन बारिश ने मैच में खलल डाला, जिससे मैच को 11-11 ओवर का कर दिया गया.
मैच का पहला ओवर दीपक चाहर के ने किया जिसमें जायसवाल ने 22 रन जड़ दिए. उसके बाद बुमराह दूसरा ओवर फेंकने आए और उनके सामने वैभव थे. बुमराह की पहली ही गेंद पर वैभव ने बिना किसी डर के लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक जोरदार छक्का जड़ दिया. इतना ही नहीं, बल्कि इस ओवर की चौथी गेंद पर वैभव ने एक और जोरदार छक्का लगाया और अपना आक्रामक रवैया साफ कर दिया. इस छक्के का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वैभव यहीं नहीं रुके उन्होंने मुंबई इंडियंस के दूसरे सबसे खतरनाक गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को भी पहली ही गेंद पर छक्का मारकर चौंका दिया. वैभव 14 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 5 छक्के और एक चौका शामिल था.
बारिश से प्रभावित इस मैच में, पावरप्ले सिर्फ 3.2 ओवर का था. लेकिन वैभव और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने इस कम समय में ही मुंबई के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए. पावरप्ले के अंत तक, राजस्थान का स्कोर 59 रन तक पहुंच गया था. वैभव ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रनों की तूफानी पारी खेली. जबकि जायसवाल 32 गेंद में 77 रन बनाकर नाबाद रहे.
अपनी जबरदस्त बैटिंग से, वैभव अब आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में समीर रिजवी के साथ पहले नंबर पर पहुंच गए हैं. दोनों 11-11 छक्के लगा चुके हैं. 15 साल के खिलाड़ी का ऐसा प्रदर्शन देखकर, क्रिकेट एक्सपर्ट्स हैरान रह गए हैं और उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार कहने लगे हैं.
राजस्थान ने अपने तय 11 ओवरों में 3 विकेट खोकर 150 रनों का बड़ा स्कोर बनाया. 151 रनों का पीछा करते हुए, मुंबई इंडियंस की शुरुआत बहुत खराब रही. सिर्फ 46 रनों पर अपने 5 अहम बल्लेबाजों को खोने के बाद टीम मुश्किल में पड़ गई थी. आखिर में, शेरफेन रदरफोर्ड और नमन धीर ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन राजस्थान के बॉलर्स के सामने वे कुछ खास नहीं कर पाए. आखिर में, मुंबई 11 ओवरों में 9 विकेट खोकर सिर्फ 123 रन ही बना पाई. इस तरह, राजस्थान ने यह मैच 27 रनों से जीत लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *