जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बच्चों को यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में वनिशा, जूनियर में अपेक्षा व प्राथमिक वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत मोटाढांक स्थित बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन कर अधिकारी जयंत वशिष्ठ, विद्यालय के प्रबंधक गिरिराज सिंह रावत व दलजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। तत्पश्चात सीनियर, जूनियर व प्राथमिक वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। सीनियर वर्ग में वनिशा प्रथम, संदीप द्वितीय व योगिता तृतीय रही। जूनियर वर्ग में अपेक्षा प्रथम, नाविका द्वितीय व निधि तृतीय रही। प्राथमिक वर्ग में प्रिया प्रथम, अंशिका द्वितीय व सारिका तृतीय रही। सभी विजेता प्रतिभागियों को संभागीय परिवहन विभाग की तरफ से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर संदीप बिष्ट, सुशील बछवान, विजेंद्र प्रसाद, सुमित शर्मा, प्रिया, देवेश भट्ट, अंकित डोभाल मौजूद रहे।