हड़ताल का असर, नहीं हुई सब्जियों की सप्लार्ई

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : लोडिंग वाहनों की लगातार दूसरे दिन भी सामान नहीं लाने का असर पौड़ी मुख्यालय में भी देखने को मिला। दूसरे दिन शुक्रवार को भी यहां सब्जियों की सप्लाई नहीं हो पाई। सप्लाई नहीं आने की वजह से यहां कुछ छोटे दुकानदारों के पास स्टॉक की भी कमी होने लगी है। वहीं जिलापूर्ति अधिकारी का कहना है कि बाजार में किसी तरह के स्टॉक की कमी को लेकर रिपोर्ट नहीं है।
गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी रसद गोदामों से उठान हुआ है। इसके साथ ही बजरी और रेत की सप्लाई में लगे भारी वाहन भी सड़कों पर चलते दिखाई दिए। इसके साथ ही दूध सप्लाई वाले वाहनों पर भी इस हड़ताल को कोई असर नहीं दिखाई दिया। गुरुवार से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भारी वाहन स्वामियों ने वाहनों के पहिए जाम किए हुए हैं। इसका असर बाजारों पर दिखाई दे रहा है। पौड़ी में सब्जी का कारोबार करने वाले विनोद और दिनेश चंद्र आदि ने बताया कि शुक्रवार को भी पीछे से सब्जियों की सप्लाई नहीं हुई है। ऐसे में स्टॉक में कमी आ रही है। हालांकि इसके साथ ही इन दिनों कुछ स्थानीय सब्जियां भी बाजार में आ रही है, इनकी डिमांड भी ठीक है। पौड़ी के जिलापूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि राशन के गोदामों से उठान को लेकर जिले भर में किसी तरह की दिक्कत नहीं है। शुक्रवार को भी राशन का उठान गोदामों से हुआ है। बाजारों में सब्जी आदि की सप्लाई में लगे सभी वाहन भारी नहीं है। कुछ छोटे वाहन भी सप्लाई में लगे है। बाजार में किसी तरह के स्टॉक की कमी को लेकर रिपोर्ट नहीं है। फिर भी हड़ताल को लेकर एक बार बाजार का सर्वे करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *