कालसी-धोईरा मार्ग पर वाहन खाई में गिरा, एक की मौत, एक घायल

Spread the love

विकासनगर(। कालसी ब्लॉक के कालसी-धोईरा मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक यूटीलिटी वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बुधवार पूर्वाह्न 11.30 बजे कालसी से धोईरा की ओर जा रहा यूटीलिटी वाहन धोईरा गांव के समीप अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से वाहन चालक राजेंद्र सिंह (45) पुत्र साधू निवासी धोईरा की मौके पर ही मौत हो गई। धन्नू निवासी निछिया और अनुज निवासी धोईरा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना कालसी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और मृतक के शव को खाई से निकाला। कालसी थाने के दरोगा नीरज कठैत ने बताया कि घायलों को 108 आपातकालीन वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। —- दो दिन में दूसरी दुर्घटना जौनसार क्षेत्र में दो दिनों में यह लगातार दूसरी दुर्घटना है। मंगलवार सुबह दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हथियारी के पास हुई वाहन दुर्घटना में वाहन चालक की मौत हो गई थी। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। लगातार दो दुर्घटनाएं होने से जौनसार की सड़कों की बदहाली को जिम्मेदार माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों की हालत खस्ता है। सड़क किनारे सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। इससे अक्सर दुर्घटनाए होती रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *