सात दिन बाद गौचर पहुंचा वाहन, उपभोक्ताओं को बांटे 240 सिलेंडर

Spread the love

चमोली : गैस किल्लत के बीच शुक्रवार को सात दिन बाद गौचर में इंडेन गैस एजेंसी का वाहन पहुंचा और लोगों को 240 सिलेंडर वितरित किए गए। साथ ही करीब 8 से अधिक व्यावसायिक सिलेंडर भी दिए गए। वहीं नगर में भारत गैस के उपभोक्ताओंं को 15 दिनों से सिलेंडर का इंतजार है। भारत गैस एजेंसी की आपूर्ति कर्णप्रयाग और सिमली में भी लंबे समय से नहीं हो पाई। शुक्रवार को करीब एक सप्ताह बाद इंडेन गैस एजेंसी का वाहन गौचर पहुंचा तो सिलेंडर लेने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। सिलेडर लेने से जो उपभोक्ता रह गए उन्हें भी जल्द सिलेडर दिया जाएगा। वहीं नारायणबगड़ से गौचर, कर्णप्रयाग और सिमली के लिए भारत गैस की ओर से लंबे समय से सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई है। यहां भारत गैस के करीब 1500 से अधिक उपभोक्ता हैं। अपर बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष अनिल खंडूड़ी, गौचर के व्यापार संघ के अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने बताया कि पहले भारत रसोई गैस का वाहन सप्ताह में दो दिन आता था लेकिन अब 15 दिनों से नहीं आया। भारत गैस एजेंसी के इंचार्ज संजय ढोंढियाल ने बताया कि गौचर, कर्णप्रयाग में एजेंसी के करीब 1500 गैस कनेक्शन हैं। एजेंसी को आगे से मिल रही सप्लाई के अनुसार ही गैस वितरित की जा रही है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय का कहना है कि भारत गैस एजेंसी का दायरा ग्रामीण क्षेत्र का है लेकिन एजेंसी की ओर से शहरी क्षेत्रों में कनेक्शन बढ़ाए जाने से एजेंसी नियमित आपूर्ति नहीं कर पा रही है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *