विकासनगर()। शनिवार की साप्ताहिक बंदी के बाद रविवार को बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। सरकारी दफ्तरों में साप्ताहिक अवकाश होने और सुबह मौसम कुछ अनुकूल होने के कारण लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करने उमड़े। इससे सुबह से ही विकासनगर के मुख्य बाजार में जाम लग गया। करीब एक घंटे तक बाजार में जाम लगा रहा। इस दौरान एनएच पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। हैरानी की बात यह रही कि बाजार पुलिस चौकी के सामने ही लंबा जाम लगा रहा, बावजूद इसके पुलिस के जवान जाम खुलवाने सड़क पर नहीं उतरे। बीते कई दिनों की बारिश के बाद रविवार सुबह मौसम कुछ अनुकूल होने से लोग खरीदारी करने सुबह ही बाजार पहुंचे। जौनसार बावर के अधिकांश मार्ग भी सुबह खुले होने के कारण नगदी फसलों को लेकर आने वाले वाहन भी बड़ी संख्या में विकासनगर पहुंचे। ऐसे में बाजार खुलते ही वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। जिससे अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। मुख्य बाजार के साथ ही अंदरुनी संपर्क मार्गों पर भी कई बार जाम की समस्या पैदा हो जाती है। रविवार को भी सुबह 11 बजे बाजार में एनएच के दोनों ओर जाम लग गया है, जिससे यात्रियों के साथ ही व्यापारियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। एक घंटे तक लगे जाम में बाजार के करीब डेढ़ किमी के दायरे में एनएच पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। जाम के दौरान ही बारिश भी शुरू हो गई, जिससे लोगों की परेशानी में इजाफा हो गया। यह आलम तब है जब कि इन दिनों प्रशासन चारधाम यात्रा की तैयारियां पुख्ता होने का दावा कर रहा है। इन दिनों गंगोत्री, यमुनोत्री आने जाने वाले यात्री इसी मार्ग से गुजर रहे हैं। ऐसे में विकासनगर मुख्य बाजार पर यातायात का दबाव बढ़ा हुआ है। वहीं राहगीरों को भी चौराहे पार करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। उधर, शहर कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि बाजार में यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे।