शहर में बेतरतीब खड़े वाहन बिगाड़ रहे यातायात व्यवस्था

Spread the love

देवी रोड व नजीबाबाद रोड में लगा वाहनों का लंबा जाम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से यातायात व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। रविवार को सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण लंबा जाम लगा रहा। सबसे बुरी स्थिति देवी रोड व नजीबाबाद रोड में बनी हुई थी। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को ठंड में पसीना बहाना पड़ा।
शहर में पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण बाजार आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क पर गलत तरके से पार्क कर देते हैं। नतीजा रविवार को दोपहर के समय शहरवासियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। नजीबाबाद चौराहे से देवी रोड व झंडाचौक रूट पर भारी जाम की स्थिति बनी हुई थी। अधिकांश लोगों ने अपने वाहनों को सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़ा किया हुआ था। वहीं, रेहड़ी-ठेलियों के कारण भी व्यवस्था बेपटरी होती दिखी। जाम की सूचना के बाद यातायात पुलिस ने सड़क पर उतरकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान सड़कों के किनारे बेतरतीब खड़े दस से अधिक वाहनों के चालान भी किए गए। जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वाले व्यक्तियों को उठानी पड़ी। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि शहर में यातायात सुधारने के लिए यातायात पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। यही नहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *