शहर में बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को किया सीज

Spread the love

यातायात पुलिस की ओर से शहर में चलाया गया अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस ने सड़क किनारे सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
शहर में यातायात व्यवस्था लगातार बेपटरी होती जा रही है। कुछ सप्ताह से शहर में लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बन रहे थे। ऐसे में सोमवार को यातायात पुलिस ने सड़क पर उतरकर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क किनारे सफेद पट्टी के बाहर खड़े दस से अधिक वाहनों को कोतवाली में लाकर सीज किया गया। हालांकि वाहन चालकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध भी किया। लेकिन, पुलिस की सख्ती के आगे उनकी एक न चल सकी। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लगातार वाहन चालकों को अपने वाहन सड़क किनारे सफेद पट्टी के अंदर ही पार्क करने की अपील की जा रही है। बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे में यातायात पुलिस ने क्रेन से वाहनों को कोतवाली में लाकर सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, वाहन चालकों ने पुलिस पर उनके शोषण का भी आरोप लगाया। कहा कि शहर में कहीं भी पार्किंग स्थल की व्यवस्था नहीं की गई है। सड़क किनारे सफेद पट्टी के अंदर रेहड़ी-ठेली खड़ी रहती हैं। ऐसे में वाहन चालक अपने वाहन कहां खड़ा करेंगे यह बड़ा सवाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *