हरिद्वार। ऋषिकुल तिराहे पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर एसपी सिटी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फुटपाथ पर अब जो भी वाहन खड़े होंगे उनके चालान काटे जाएंगे। उसके बाद भी अगर फुटपाथ पर वाहन खड़े किए गए या फिर यातायात व्यवस्था खराब हुई तो उसके लिए वाहनों के साथ ही वाहन चालकों पर भी कार्रवाई होगी। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने कहा कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कोई समस्या न हो उसके लिए अधिनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।
खबर प्रकाशित होंने पर एसपी सिटी ने संज्ञान लिया है। एसपी सिटी ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए ऋषिकुल तिराहे ओर आसपास सड़क किनारे बने फुटपाथ पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करें। बता दें कि ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज हरिद्वार शहर का मुख्य तिराहा है। यहीं से देहरादून, बिजनौर, दिल्ली, पहाड़ी क्षेत्रों सहित विभिन्न जिलों और राज्यों में जाने से वाहन गुजरते हैं। बाहरी यात्रियों और स्थानीय पैदल चलने वाले लोगों के लिए लोक निर्माण विभाग ने ऋषिकुल तिराहे पर फुटपाथ बनाया है। यहां कई जगहों पर तो रेहड़ी वालों ने और सड़क के एक तरफ बसों व दूसरी तरफ ऑटो चालकों के बेतरतीब वाहन खड़े रहते हैं। फुटपाथ को पैदल यात्रियों के लिए छोड़ा ही नहीं गया है। ऋषिकुल तिराहे पर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और रानीपुर मोड़ एवं नेशनल हाईवे की तरफ जाने वाली सड़क पर कहीं भी फुटपाथ नजर नहीं आता। ऐसे में लोगों के लिए सफर परेशानी भरा साबित हो रहा है। ऋषिकुल कॉलेज में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। तो ऋषिकुल अस्पताल भी है। इसके आसपास शैक्षणिक संस्थान और सरकारी कार्यालय भी हैं। यहां स्कूल व कॉलेज में सुबह व दोपहर के समय छात्र-छात्राओं का आवागमन रहता है। इस दौरान फुटपाथ न होने के कारण छात्रों के साथ ही आमजनों को सड़क पर पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए होता है न की वाहनों की अवैध पार्किंग के लिए। ऋषिकुल आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज पर वाहनों से प्रतिदिन सैकड़ों लोग उतरते और चढ़ते हैं। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि अधीनस्थों को सख्ताई से करवाई करने के निर्देश दिए हैं।