जलभराव से सेलाकुई में एक घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन

Spread the love

विकासनगर। बुधवार सुबह हुई बारिश से सेलाकुई में देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव हो गया। इसके चलते यहां एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बारिश कम हो जाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। उधर, नगर के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों का कहना है बरसात के मौसम में लगभग हर रोज राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत से क्षेत्र के नालों और नालियों की सफाई कराने की मांग की है। सुबह के समय सेलाकुई क्षेत्र में हुई बारिश ने औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों के साथ देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले यात्रियों को खूब परेशान किया। मार्ग पर हुए जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। बारिश के साथ ही राजमार्ग पर एक बड़ा कंटेनर फंस गया, इससे जाम की समस्या और बढ़ गई। इससे बड़ी संख्या में वाहन मार्ग में फंस गए। वाहनों के फंस जाने से पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी। औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारी सरोज कुमार, किरन सिंह, प्रवीण कुमार, फिरदौस ने बताया राष्ट्रीय राजमार्ग के नाले और आसपास के संपर्क मार्गों की नालियों के चोक होने के कारण बरसात के दिनों में आए दिन जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसका सबसे बड़ा खामियाजा यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ता है। इसके साथ ही कई बार कंटेनर भी जाम का कारण बन जाते हैं। हैरानी की बात है कि एक घंटे तक वाहनों के जाम में फंसे होने के बावजूद कोई भी पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए मौके पर नहीं आया। उधर, थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने बताया कि बाजार को जाम से निजात दिलाने के लिए सिडकुल प्रबंधन और व्यापार मंडल के साथ मिलकर समाधान निकाला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *