जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के बाद आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद ने कोटद्वार में बांग्लादेश का पुतला दहन किया। कहा कि बांग्लादेश लगातार अल्पसंख्यक हिंदुओं को निशाना बना रहा है। कुछ दिन पूर्व बीच सड़क पर हिंदू युवक की हत्या कर दी गई।
गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने शहर के मुख्य चौराहों पर आक्रोश रैली निकाली। इसके उपरांत झंडाचोक में पुतला दहन किया गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी जिलाध्यक्ष दीपक गौड़ ने कहा कि कुछ दिन पूर्व बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की हत्या कर उसे बीच सड़क पर जला दिया गया। यह पूरी घटना बांग्लादेश पुलिस व प्रशासन की आंखों के सामने हुई, बावजूद बांग्लादेश का पूरा तंत्र चुप्पी साधे हुए थे। बांग्लादेश में हिंदुओं को जान बूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे पूर्व भी कई बार बांग्लादेश में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बांग्लादेश में हिंदू समाज डर के साये में जी रहा है। कहा कि केंद्र सरकार को बांग्लादेश के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। पुतला दहन करने वालों में संगठन मंत्री विकास कुमार, सुनील अग्रवाल, परमेंद्र राणा, गौरव कश्यप, हर्ष भाटिया, कुलदीप रावत, अनीता रावत, नीतू सिंह, नीतू शर्मा, शक्ति सिंह, सुनीता नेगी, दिनेश शर्मा, कमलपाल, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।