तुर्की में आए भूकंप की भेंट चढ़ा कोटद्वार का विजय

Spread the love

पिछले कई दिनों से विजय की कुशलता की प्रार्थना कर रहे थे परिजन
बैंगलौर की एक निजी कंपनी के कार्य से तुर्की गया हुआ था विजय कुमार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : 22 जनवरी को कंपनी के कार्य से तुर्की गया कोटद्वार पदमपुर पोखरियाल कालोनी निवासी विजय भी भूकंप की भेंट चढ़ गया। पिछले पांच दिन से परिजन विजय की कुशलता की प्रार्थना कर रहे थे। शनिवार दोपहर विजय के परिवार को यह दु:खद खबर मिली। दु:खी परिवार अब विजय के शव का इंतजार कर रहा है।
जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम दकसुण, हाल निवासी पदमपुर पोखरियाल कॉलोनी निवासी विजय कुमार गौड़ (36) पुत्र स्व. रमेश चंद्र गौड़ बेंगलुरु की ऑक्सीप्लांट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी करता था। 22 जनवरी को वह कंपनी के काम से तुर्की गया था। जहां वह तुर्की के ‘होटल अवसर’ में रुका हुआ था। छह फरवरी की सुबह 4 बजे आए भूकंप में उक्त होटल ध्वस्त हो गया था। छह फरवरी को परिजनों ने टीवी पर तुर्की में भूकंप आने की खबर देखी तो उन्हें चिंता जताते हुए विजय को फोन किया। लेकिन, किसी ने भी फोन नहीं उठाया। इसके बाद विजय के भाई अरूण ने तहसील में पहुंचकर प्रशासन से केंद्र सरकार के साथ मिलकर उसके भाई की सुध लेने की मांग की। परिवार लगातार विजय से संपर्क करने के प्रयास में जुटा हुआ थे। परिजन विजय की कंपनी से भी संपर्क बनाए हुए थे। शनिवार को तुर्की में विजय का शव बरामद होने के बाद कंपनी ने दु:खद समाचार स्वजनों को दिया। समाचार मिलने के बाद नाते-रिश्तेदार भी विजय के घर पर पहुंचने लगे हैं। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। विजय की एक पत्नी व एक पांच वर्ष का बेटा भी है। पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *