दो साल से बंद पड़ी बसों का संचालन जल्द शुरू करे विवि प्रशासन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल। एचएनबी गढ़वाल केन्द्रीय विवि प्रशासन ने बिड़ला परिसर में पीजी और यूजी की कक्षाओं का संचालन शुरू करने के आदेश देने के बाद भी बच्चों को कैंपस तक आवाजाही के लिए बसों का संचालन शुरू नहीं किया है। दो साल से खड़ी बसों के संचालन के लिए जय हो संगठन ने डीएसडब्ल्यू को पत्र भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। कहा कि विवि प्रशासन को पहले ही इस मामले में सोचना चाहिए था, किंतु छात्रों को ही सुविधाओं के लिए आवाज उठानी पड़ रही है।
जय हो संगठन के अंकित रावत, नगर अध्यक्ष सुंधाशु थपलियाल ने डीएसडब्ल्यू को दिये ज्ञापन में कहा है कि विवि द्वारा पीजी कोर्स की कक्षाएं शुरू कर दी है। किंतु छात्रों को आवाजाही के लिए विवि परिसर में खड़ी बसों का संचालन नहीं किया जा रहा है। जिससे छात्रों को श्रीनगर से चौरास जाने के लिए दिक्कतें उठानी पड़ रही है। छात्र नेता सुंधाशु थपलियाल ने कहा कि पीजी के बाद यूजी की कक्षाएं भी धीरे-धीरे प्रशासन खोल रहा है, ऐसे में छात्रों को आवाजाही की दिक्कतें होंगी। उन्होंने कहा कि दो साल से कक्षाएं संचालित न होने के कारण बसें परिसरों में खड़ी है, जिनका संचालन जल्द शुरू होना चाहिए, ताकि छात्रों को दिक्कतें ना हो। इसके साथ ही उन्होंने चीफ प्रोक्टर डॉ. बीपी नैथानी से जल्द छात्रों के आईडी कार्ड बनाने की मांग की है। मांग करने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित रावत, कैवल्य जखमोला, अमित बुटोला, वीरेन्द्र बिष्ट, दीपक राणा, सौरभ रावत, कौशल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *