विधायक ने किया कला शिल्प केंद्र कलांजय का शुभारंभ

Spread the love

बागेश्वर। बगेट के शिल्पकला से मुख्यमंत्री को आकर्षित करने वाले शिल्प कला केंद्र कलांजय का गांधी जयंती पर विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक चंदन राम दास ने किया। उन्होंने कहा कि कला केंद्र हुनरमंद युवाओं को मंच प्रदान करेगा। इसकी मदद से उन्हें अपनी कला को निखारने के साथ आय अर्जन करने का मौका भी मिलेगा। विशिष्ट अतिथि वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा ने बगेट और रिंगाल जैसे स्थानीय उत्पादों को आधुनिक रूप देकर रोजगार का साधन बनाने के लिए कलाजंय की सराहना की। कहा कि इससे पहाड़ों में स्वरोजगार को बल मिलेगा। कलांजय शिल्प कला केंद्र के संचालक डॉ. हरीश दफौटी ने बताया कि हुनरमंद युवाओं को मंच प्रदान करने के लिए इस केंद्र की स्थापना की गई है। केंद्र में रिंगाल और बगेट के सजावटी सामान बनाने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें हुनरमंद युवाओं को विभिन्न प्रकार के सजावटी और फैंसी उत्पाद बनाने के गुर सिखाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कलांजय के माध्यम से पूर्व में प्रमोद, कमला और सुनीता जैसे युवाओं ने कई कलाकृतियां तैयार की थी। इन कलाकृतियों को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की सराहना भी मिली। जिसके बाद जिले के भ्रमण पर आई मुख्यमंत्री की पुत्री ने कलांजय का भ्रमण कर कलाकारों का हौसला भी बढ़ाया था। प्रबंधक डॉ. दफौटी ने बताया कि उन्होंने कला केंद्र को अपने बड़े भाई स्व. कमल सिंह दफौटी की स्मृति में बनाया है। जिसका उद्देश्य हुनरमंद युवाओं को मौका देना और उनकी हुनर को निखारना है। ताकि युवा कला के क्षेत्र में बेहतर भविष्य का निर्माण कर आय और ख्याति अर्जित कर सके। इस मौके पर उनके पिता कर्म सिंह दफौटी, माता पार्वती दफौटी, हंसी रौतेला, राजेश सिंह रौतेला, महाप्रबंधक जिला उद्योग जीपी दुर्गापाल, अलोक पांडेय, कैलाश प्रकाश चंदोला, जगदीश उपाध्याय, मिलिंद बिष्ट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *