जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सहयोग से एंटी ड्रग यूनिट का गठन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त उत्तराखंड और संस्कारयुक्त उत्तराखंड बनाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। साथ ही नशामुक्त उत्तराखंड और संस्कारयुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय पौड़ी की अधिकार मित्र (पीएलवी) विजयन्ती देवी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद पौड़ी के विभिन्न इंटर कॉलेजों में एंटी ड्रग यूनिट और लीगल एड क्लीनिक का गठन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें उचित मार्गदर्शन देना और स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में डान (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन) पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के गढ़वाल मंडल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रखना, उनमें रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारवान नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करने में सहायक होते हैं।