रुड़की()। बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने शनिवार को कलियर क्षेत्र के बेडपुर और माधोपुर गांव में चेकिंग अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान 32 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम की कार्रवाई से दोनों गांवों में हड़कंप मच गया। ऊर्जा निगम को इन गांवों में बड़े स्तर पर बिजली चोरी होने की लगातार शिकायत मिल रही थी। कई बार चेकिंग की योजना बनी, लेकिन पुलिस बल नहीं मिलने के कारण अभियान पूरा नहीं हो पा रहा था। शनिवार को विजिलेंस टीम ने स्थानीय अधिकारियों और पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की। सबसे पहले टीम बेडपुर गांव पहुंची। यहां कई घरों में बिजली चोरी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए थे। कहीं कटिया को उबले के नीचे दबाकर रखा गया था तो कहीं तारों पर ड्रम आदि लगाकर छिपाने की कोशिश की गई थी। कई स्थानों पर घरों के पीछे झाड़ियों के बीच से भी कटिया डालकर बिजली ली जा रही थी। करीब दो घंटे तक चली चेकिंग में बेडपुर गांव में 25 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके बाद टीम माधोपुर गांव पहुंची, जहां आठ घरों में बिजली चोरी सामने आई। टीम ने सभी अवैध तार और कटिया हटाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई है, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। चेकिंग अभियान में विजिलेंस इंस्पेक्टर मरूद शाह, एसडीओ विकास, रॉबिन, धनंजय प्रसाद के साथ स्थानीय टीम के एसडीओ अश्वनी सिंह, एसडीओ अनिता सैनी, अनिल कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।