विजय हजारे ट्रॉफी: ईशान किशन ने 33 गेंदों में जड़ा शतक, ये रिकॉर्ड किए अपने नाम

Spread the love

नईदिल्ली, झारखंड क्रिकेट टीम के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों का सामना कर शतक जड़ दिया। ये लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे तेज शतक है। इस सूची में पहले स्थान पर बिहार क्रिकेट टीम के शाकिब गनी हैं। उन्होंने 24 दिसंबर को ही अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 32 गेंदों में शतक जड़ा।
ईशान नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने आए और पहली गेंद से ही गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। विराट सिंह के साथ उन्होंने 25 गेंदों में 50 रन जोड़ दिए। इसके बाद अंकुल रॉय के साथ 32 गेंदों में 93 रन की साझेदारी निभाई। रॉबिन मिंज के साथ ईशान ने 9 गेंद में 26 रन जोड़े। ईशान ने 39 गेंदों का सामना किया और 125 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 14 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 320.51 की रही।
झारखंड की टीम ने मुकाबले में 50 ओवर में 412/9 का स्कोर बनाया। ईशान के अलावा विराट ने 68 गेंदों का सामना किया और 88 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकले। कुमार कुसाग्रा ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 134.04 की रही। कर्नाटक के लिए अभिलाश शेट्टी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए।
वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक लगाया। वह लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय थे। हालांकि, उनका रिकॉर्ड कुछ ही घंटों में टूट गया। बिहार के कप्तान गनी ने उसी मैच में 32 गेंदों में शतक जड़ दिया। वह लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके बाद ईशान ने 33 गेंदों में शतक लगाकर दूसरे स्थान पर आ गए।
ईशान ने अब तक लिस्ट-ए क्रिकेट में 115 मुकाबले खेले हैं और इसकी 108 पारियों में लगभग 39 की औसत से 3,800 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 7 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 210 रन रहा है। वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने अब तक 27 मुकाबले खेले हैं और इसकी 24 पारियों में 42.40 की औसत से 933 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *