बेरगणी, छाम, शुक्री में निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए

Spread the love

नई टिहरी : थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेरगणी में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से अनुभवी युद्धवीर रावत को निर्विरोध ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके खिलाफ गांव के किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। इसके साथ ही गांव में सभी वार्ड सभासद भी निर्विरोध चुने गए। जिससे ग्राम पंचायत का कोरम पूरा हो गया है। निर्विरोध ग्राम प्रधान बनने वाले रावत ने कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास, स्वरोजगार के साधन बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा अनीता रावत, रेखा रावत, विनीता देवी, मीरा देवी, कविता देवी, रघुवीर सिंह और सीमा देवी को निर्विरोध वार्ड सभासद बनाया गया।
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम सभा छाम ने एकता व परिपक्वता का परिचय देते हुए देवांश रतूड़ी को निर्विरोध प्रधान बनाने पर सहमति जताई है। ग्रामीणों के इस निर्णय पर देवांश रतूड़ी ने कहा कि गांव के विकास के लिए जो जिम्मेदारी ग्रामीणों ने दी है, उसे पूरी तत्परता से पूरी करेंगे। गांव का विकास भी सर्वसम्मति से ही आगे बढ़ेगा। ग्रामीणों ने भी देवांश पर भरोसा जताते हुए कहा कि गांव के विकास के साथ ही युवाओं को मौका देना विकास की नींव रखने का काम किया गया है। इस पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत शुक्री ने मिसाल पेश की। प्रधान ममता देवी कुड़ियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य लोकेंद्र दत्त सेमवाल और उप प्रधान सुनीता देवी कुकरेती को निर्विरोध चुना गया है। जिसके लिए ग्रामीणों का निर्वाचितों ने आभार जताया है। ग्रामीणों गांव की खुली बैठक में यह निर्णय लिया। जबकि 55 वर्षों के बाद आदर्श ग्राम सभा पाली के लोगों ने भी अपना प्रधान निर्विरोध चुना है। पाली ग्राम पंचायत के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए गांव के सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र सिंह नेगी को खुली बैठक में निर्विरोध रूप से प्रधान चुना है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के सातों वार्ड के सदस्यों को निर्विरोध चुना है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *