तल्लापाल बिलौना के गांव चार दिन से अंधेरे में डूबे

Spread the love

चम्पावत। तल्लापाल बिलौना के कई गांव बीते चार दिन से अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते रविवार को आंधी आने से बिजली लाइन कई जगह टूट गई है। चम्पावत के तल्ला पालबिलौना क्षेत्र के गांवो में पिछले 72 घंटो से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे ग्रामीणों को तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के तल्ली खटोली, मल्ली खटोली, पछनई, लड़ाबोरा आदि गांवों में बीते रविवार से बिजली आपूर्ति ठप है। खटोली के प्रधान प्रवीण बुरांठी ने बताया कि बिजली नहीं होने से ग्रामीणों की रात अंधेरे में कट रही है। छात्र छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बताया कि ये सभी गांव जंगल से लगे है। रात में अंधेरा होने से जंगली जानवरों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों के मोबाइल फोन बंद हो गए हैं। लोग फोन चार्ज कराने के लिए अमोड़ी, चम्पावत आदि की शरण ले रहे हैं। बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना ऊर्जा निगम को दी गई है। इधर एसडीओ संजय भंडारी ने बताया की आंधी तूफान से कई जगह बिजली के तार टूट गए हैं। बताया कि व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *