गुलदार नहीं पकड़ने जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : कीर्तिनगर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम नौर में गुलदार द्वारा महिला को मारने की घटना के बाद चौरास क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी गुलदार पकड़ में नहीं आने से लोगों में प्रशासन व वन विभाग की कार्य प्रणाली से रोष है।
शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य साकौं डा. प्रताप सिंह भंडारी ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर को ज्ञापन देकर 24 घंटे के भीतर गुलदार को मार गिराने की मांग की है। डा. भंडारी ने कहा कि बीते 11 अक्टूबर को गुरसाली के पास जंगल में घास लेने गई महिला को गुलदार ने अपना शिकार बना दिया था। लेकिन तीन दिनों के उपरांत भी वन विभाग की ओर से आदमखोर गुलदार को मारने के कोई भी आदेश जारी नहीं हुए हैं। उन्होंने तत्काल प्रभाव से 24 घंटे के भीतर गुलदार को मारने के आदेश जारी किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से मांग पर सकारात्मक कार्यवाहीं नहीं होती है तो सम्पूर्ण क्षेत्र की जनता आमरण अनशन के लिए बाध्य होगी। वहीं ग्राम नैथाणा के ग्रामीणों ने प्रधान आशा देवी भट्ट के नेतृत्व में वन क्षेत्राधिकारी कीर्तिनगर को ज्ञापन देकर तत्काल गुलदार को मारने के आदेश जारी करने की मांग की है। उन्होने कहा कि क्षेत्र में तीन दिन से चार गुलदार सक्रिय होने के चलते भय का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के प्रदीप जोशी ने कहा कि गुलदार रात में आवासीय बस्ती में धमक रहा है। उपजिलाधिकारी सोनिया पंत ने बताया कि इस मामले में उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *