अलकनंदा में पोकलैंड चलाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील में किया प्रदर्शन

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड कीर्तिनगर के अंतर्गत बागवान में अलकनंदा नदी में पोकलैंड और जेसीबी मशीनों से अवैध खनन करने पर ग्रामीणों ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। सोमवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक गणेश भट्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कीर्तिनगर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इस मौक पर गणेश भट्ट, ग्रामीण विकास बिष्ट, अनिल पाण्डेय, अनिल भंडारी, खुशी लाल ने कहा कि खनन पट्टा संचालक द्वारा पोकलैंड, जेसीबी मशीन से अलकनंदा नदी किनारे से लेकर बीच नदी तक बांध बनाकर नदी के बहुमूल्य पत्थरों को खुर्द बुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि बागवान और भल्ले गांव में खनन पट्टे कई वर्षों से संचालित हैं, लेकिन पहली बार यह देखा जा रहा है कि इन दोनों पट्टों में शासन-प्रशासन से अनुमति लेकर प्रकृति का दोहन जेसीबी, पोकलैंड मशीन से किया जा रहा है। कहा कि खनन के नाम पर नदी के बीच से पत्थरों को उठाकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जिस कारण अलकनंदा नदी व जलीय जीवों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। नदी में आवश्यकता से अधिक खनन किये जाने से भविष्य में नदी का रुख गांव के खेतों की तरफ मुड़ने और आपदा आने का खतरा भी बढ़ गया है। कहा कि श्रीनगर बांध प्रबंधकों द्वारा रोज सुबह के अंधेरे में पानी रोक दिया जाता है और तब नदी का जल स्तर कम होते ही इन मशीनों से अंधेरे में बहुमूल्य खनिज पत्थर जैसी संपदा को ठिकाने लगाने का काम किया जाता। उन्होंने शासन-प्रशासन से अविलंब बागवान और भल्ले गांव में खनन पट्टों में जेसीबी, पोकलैंड आदि मशीनों के प्रयोग को हमेशा के लिए प्रतिबंधित करने की मांग की है। साथ ही बागवान के खनन पट्टे के क्षेत्र को घटाकर सिर्फ 2 हेक्टेयर तक करने की मांग की। इस बाबत को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी टिहरी को ज्ञापन भी भेजा। इस मौके पर सरला देवी, सुशीला देवी, बीना देवी, दीपा देवी, प्रतिमा देवी, मंगला देवी सहित आदि मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *